जयपुर। इस बार देश की जिन लोकसभा सीटों को लेकर सर्वाधिक चर्चा हो रही है, उनमें से एक राजस्थान की नागौर सीट भी है। यहां पर रालोपा के संयोजक और खींवसर के विधायक हनुमान बेनीवाल मैदान में हैं। बताया जा रहा है कि अगर हनुमान बेनीवाल ने नागौर से लोकसभा का चुनाव जीता तो 23 मई के बाद बनने वाले नरेंद्र मोदी सरकार की कैबिनेट में उनका मंत्री बनना तय है।
लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर कल राजस्थान में पहले चरण का मतदान होने जा रहा है। इस चरण में राज्य की कुल 25 में से 13 सीटों पर मतदान किया जाएगा। जबकि दूसरा चरण का मतदान 6 मई को होगा। नागौर में चुनाव 6 मई को है।
कल देश में चौथे चरण का मतदान होगा। कुल 7 चरणों में वोटिंग के बाद 23 मई को देश के आम चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। राजस्थान में जोधपुर सीट सबसे हॉट सीट बनी हुई है, जहां पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
यहां पर अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। खुद अशोक गहलोत जोधपुर में डेरा जमाए बैठे हैं। दिनरात एक कर गहलोत कैसे भी अपनी साख बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
जबकि भाजपा के उम्मीदवार और वर्तमान सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत के पास पीएम मोदी की लहर, हनुमान बेनीवाल का सहारा संजीवनी का काम कर रहा है।
इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान की बाड़मेर—जैसलमेर सीट भी कांग्रेस के लिए मुश्किलों से भरी हुई है। यहां पर पूर्व भाजपाई मानवेंद्र सिंह कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, उनके सामने बीजेपी के कैलाश चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं। शनिवार को कैलाश चौधरी के रोड शो कर सनी देओल यहां पर गदर मचा चुके हैं।
इसके अलावा नागौर की जो सीट भाजपा ने गठधबंन के तहत रालोपा के संयोजक हनुमान बेनीवाल के लिए छोड़ी थी, वहां पर भी कांग्रेस की उम्मीदवार ज्योति मिर्धा की राहत बेहद कठिन हो गई है। सटोरियों के अनुसार आज की तारीख में बेनीवाल की जीत निश्चित है।
दिल्ली के सबसे करीब वाली संसदीय सीट, यानी अलवर भी कांग्रेस के लिए दूर होती हुई नजर आ रही है। यहां पर भाजपा के बाबा बालकनाथ हैं, तो कांग्रेस के प्रत्याशी जितेंद्र सिंह लगातार तीसरी बार मैदान में हैं।
टोंक—सवाईमाधोपुर में कांग्रेस के नमो नारायण मीणा मैदान में हैं, उनका मुकाबला सांसद सुखबीर सिंह जोनपुरिया से हो रहा है। यहां पर मुकाबला कांटे का बताया जा रहा है। जबकि गुर्जर—मीणा फैक्टर पर सबकुछ निर्भर कर रहा है।
इन सीटों के अलावा किसी भी सीट पर कांग्रेस मुकाबले में नजर नहीं आ रही है। फलौदी के सट्टा बाजार के अनुसार कांग्रेस पार्टी अधिकतम 5 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है, जबकि भाजपा को कम से कम 20 सीटों पर जीत तय है।
राजस्थार में सोमवार को प्रथम चरण में 13 लोकसभा क्षेत्र टोंक-सवाईमाधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बासंवाड़ा, चितौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां में मतदान होगा।

